अमृतसर एयरपोर्ट पर फिर अफरा-तफरी, दूसरे दिन भी इटली से लौटी फ्लाइट के 190 यात्री मिले कोरोना पाजिटिव
पंजाब के अमृतसर एयरपोर्ट पर शुक्रवार को लगातार दूसरे दिन इटली से आई फ्लाइट ने हड़कंप मचा दिया। यहां आज 190 यात्रियों के टेस्ट पॉजिटिव निकले हैं। इससे एक दिन पहले भी रोम से आई एक चार्टर्ड फ्लाइट में 125 यात्री पॉजिटिव पाए गए थे। गौरतलब है कि इटली में कोरोना वायरस के मामले लगातार बढ़ने लगे हैं
अमृतसर के श्री गुरु रामदास अंतरराष्ट्रीय एयरपोर्ट पर वीरवार को 125 यात्रियों के कोरोना पाजिटिव आने के बाद शुक्रवार को भी इटली से लौटे 175 यात्री संक्रमित मिलने से अफरा-तफरी का माहौल है। एयरपोर्ट पर हंगामा मच गया है। रोम से एयरपोर्ट पर शाम को पहुंची इस फ्लाइट में तकरीबन 300 यात्री सवार थे। इनमें से अब तक 190 पाजिटिव पाए गए हैं। अभी सभी संक्रमित एयरपोर्ट पर ही हैं। पाजिटिव रिपोर्ट होने वाले यात्रियों ने एयरपोर्ट पर हंगामा भी किया। उनका तर्क था कि वे इटली से कोविड टेस्ट करवाकर आए थे, जिसमें वे कोरोना नेगेटिव थे। यहां आकर उनकी रिपोर्ट पाजिटिव कैसे हो गई। इस पर यात्रियों व स्वास्थ्य विभाग के बीच गतिरोध जारी जारी है।
इटली में कोरोना वायरस संक्रमण का प्रसार काफी तेजी से हो रहा है। यहां गुरुवार को पहली बार 2 लाख नए मामले दर्ज किए गए। पिछले कुछ दिनों से यहां भी मरीजों की संख्या में लगातार इजाफा हो रहा है। बुधवार को इस देश में 189,109 केस दर्ज किए गए थे। गुरुवार को इनकी संख्या 219,441 तक पहुंच गई। हालांकि देश में मौतों का आंकड़ा कम हुआ है। गुरुवार को ब्रिटेन में भी नए मरीजों की संख्या 2.18 लाख तक पहुंच गई थी।