सुजानपुर से नरेश पुरी को हाईकमान द्वारा टिकट दिए जाने पर कांग्रेस में विद्रोह के स्वर उठने लगे हैं।रविवार को टिकट अप्लाई करने वाले पार्टी नेताओं ने कलेर पैलेस में मीटिग कर पार्टी की राष्ट्रीय अध्यक्ष से टिकट पर दोबारा रिव्यू करने के लिए कहा है। इसके लिए नेताओं ने हाईकमान को दो दिन का समय दिया है अन्यथा 10 मार्च को पार्टी को इसका खामियाजा भुगतना पड़ेगा।
पंजाब स्टेट इंडस्ट्री डिपार्टमेंट के उप चेयरमैन विनय महाजन, ठाकुर अमित सिंह मंटू, ठाकुर साहिब सिंह साबा, खेती-बाड़ी बैंक के चेयरमैन अवतार कलेर, एडवोकेट हरीश पठानिया, जिला कांग्रेस यूथ प्रधान तोषित महाजन, ब्लाक समिति चेयरमैन अलविद सिंह लाडी, पल्लवी ठाकुर, राजपूत कल्याण बोर्ड के चेयरमैन ठाकुर दविदर सिंह दर्शी, बलकार पठानिया, सरपंच गीता ठाकुर, अल्पसंख्यक सेल के अलादीन ने संयुक्त रूप से कहा कि हाईकमान की ओर से इस बार नरेश पुरी को टिकट देकर कार्यकर्ताओं के साथ धोखा किया गया है।
उन्होंने कहा कि नरेश पुरी ने वर्ष 2012, 2017 के विधानसभा चुनाव में आजाद रूप से पार्टी उम्मीदवारों के खिलाफ चुनाव लड़कर पार्टी को हराने का कार्य किया। पंजाब कांग्रेस के पूर्व अध्यक्ष सुनील जाखड़ के लोकसभा चुनाव के समय पार्टी के खिलाफ कार्य करते हैं। उनका बूथ तक कांग्रेस पार्टी हार गई। उन्होंने कहा कि जिस व्यक्ति ने तीन चुनावों में कांग्रेस पार्टी को हराया है उसे ही कांग्रेस पार्टी की ओर से वर्ष 2022 के विधानसभा चुनावों में पार्टी के उम्मीदवार बना दिया गया है। इससे कांग्रेस कार्यकर्ताओं में रोष की लहर है।
उन्होंने कांग्रेस अध्यक्ष सोनिया गांधी को पत्र लिखकर मांग की है कि दो दिन के अंदर अंदर इस टिकट का रिव्यू करके कार्यकर्ताओं के साथ इंसाफ किया जाए ।
