पंजाब प्रदेश भाजपा अध्यक्ष अश्वनी शर्मा के दिशा-निर्देश पर प्रदेश भाजपा महासचिव डॉ. सुभाष शर्मा ने पूर्व मंत्री अनिल जोशी को पार्टी से निष्कासित कर दिया गया है। डॉ. सुभाष शर्मा ने इस संबंध में जानकारी देते हुए बताया कि पूर्व मंत्री अनिल जोशी द्वारा केंद्र सरकार, पार्टी की केन्द्रीय लीडरशिप तथा पार्टी की नीतियों के विरुद्ध बयानबाजी की जा रही थी, जो कि पार्टी विरोधी गतिविधियाँ है।
इसलिए प्रदेश भाजपा द्वारा अनिल जोशी को पार्टी विरोधी गतिविधियों के चलते कारण बताओ नोटिस जारी किया गया था, जिस पर जोशी को दो दिन के अंदर अपना जवाब देने का समय दिया गया था। लेकिन अनिल जोशी ने पार्टी के विरुद्ध चलने का अपना अड़ियल रवैया नहीं छोड़ा, जिस पर उनके अनुशासन कमेटी की सिफारिश पर प्रदेश भाजपा अध्यक्ष अश्वनी शर्मा द्वारा उनके विरुद्ध अनुशासनात्मक कारवाई करते हुए अनिल जोशी को पार्टी की प्राथमिक सदस्यता से 6 वर्ष के लिए निष्कासित कर दिया गया है।
अमृतसर उत्तर सीट से विधायक अनिल जोशी ने कहा था कि केंद्र के तीन कृषि कानूनों के खिलाफ किसानों के आंदोलन के चल रहे मुद्दे को जल्द हल नहीं किया गया तो भाजपा नेताओं के लिए अपने घरों से बाहर निकलना मुश्किल होगा।
पंजाब भाजपा नेता किसानों के मुद्दे पर पूरी तरह फेल – जोशी
पूर्व मंत्री अनिल जोशी का अब कहना है कि भाजपा प्रधान अश्विनी शर्मा इस्तीफा दें। उनका कहना था कि पंजाब भाजपा नेता किसानों के मुद्दे पर पूरी तरह फेल हुए हैं। पंजाब में भाजपा की जो दुर्दशा हुई है उसका जिम्मेदार भी जोशी द्वारा पंजाब भाजपा नेताओं को बताया गया। इस मौके पर उन्होंने यह भी कहा कि पंजाब में जो भी नेता आगे बढ़ता है उसको प्रदेश भाजपा प्रधान किसी न किसी रूप में तंग परेशान करता है।

