पंजाब प्रदेश कांग्रेस कमेटी के अध्यक्ष सुनील जाखड़ ने कहा कि कांग्रेस 14 दिसंबर को शंभू बॉर्डर पर किसानों के पक्ष में बड़ी रैली करने जा रही है। उन्होंने इसकी जानकारी कांग्रेस भवन में कैबिनेट मंत्रियों व विधायकों के साथ बैठक की अध्यक्षता करने के बाद दी।
प्रदेश कांग्रेस अध्यक्ष जाखड़ ने बताया कि पार्टी द्वारा किसान संगठनों का जिला स्तर पर सहयोग किया जाएगा। यह रैली सुबह 11ः00 बजे से दोपहर 3ः00 बजे तक होगी। इस लिए मंत्रियों व विधायकों को निचले स्तर तक तैयारियां करने के लिए कहा गया है।
जाखड़ ने कहा कि मुख्यमंत्री अमरिंदर सिंह के नेतृत्व में प्रदेश सरकार द्वारा जोरदार तरीके से केंद्र के काले कानूनों का सच लोगों के सामने रखे जाने से किसानों के आंदोलन को बल मिला है। उन्होंने कहा कि कांग्रेस पार्टी पहले दिन से ही किसानों के संघर्ष के साथ खड़ी है।
उन्होंने कहा कि प्रदेश सरकार जानती है कि अगर किसान तबाह हो गया तो देश को आर्थिक तौर पर मजबूत रखना संभव नहीं रहेगा। जाखड़ ने कहा कि ये कानून नोटबंदी की तरह देश की आर्थिकता के लिए घातक सिद्ध होंगे। उन्होंने कहा कि केंद्र सरकार को अहंकार का त्याग कर किसानों की बात माननी चाहिए।