कारपोरेशन चुनावों के लिए 13 फरवरी 2021 की जारी की गई नोटिफिकेशन के चलते राजनीतिक पार्टियों की ओर से इन चुनावों को लेकर अपनी कमर कस ली गई है। भारतीय जनता पार्टी की ओर से भी अपने वरिष्ठ नेता अनिल जोशी को जिला पठानकोट से निकाय चुनावों के लिए प्रभारी नियुक्त किया गया है। जिन्होंने आज पठानकोट में भाजपा के पदाधिकारियों एवं कार्यकर्ताओं के साथ आगामी चुनावों को लेकर चर्चा करने के लिए बैठक आयोजित की। पठानकोट पहुंचने पर अनिल जोशी का भाजपा जिलाध्यक्ष एवं अन्य पदाधिकारियों की ओर से स्वागत किया गया। इसके पश्चात अनिल जोशी ने भाजपा पदाधिकारियों एवं कार्यकर्ताओं के साथ आगामी चुनावों को लेकर विचार विमर्श किया तथा निकाय चुनावों के लिए पूरी तरह से तैयार रहने और अपनी ड्यूटी को पूरी तनदेही के साथ निभाने के लिए कार्यकर्ताओं को आह्वान किया। इस दौरान अनिल जोशी ने बताया कि पंजाब में कांग्रेस सरकार ने जनता के साथ किए किसी भी वादे को पूरा नहीं किया है तथा हमेशा ही विकास के नाम पर राज्य की जनता को गुमराह किया है लेकिन अब जनता इनकी गलत नीतियों को भलीभांति जान चुकी है तथा आगामी चुनावों में भाजपा के पक्ष में वोट करके कांग्रेस सरकार को करारा जवाब देगी। उन्होंने कहा कि आगामी निकाय चुनावों के लिए उन्हें जो जिम्मेदारी सौंपी गई है, उसे वह पूरी लगन के साथ निभाएंगे। इस अवसर पर भाजपा जिला अध्यक्ष विजय शर्मा, महामंत्री सुरेश शर्मा, पूर्व मेयर अनिल वासुदेवा, साउथ मंडल अध्यक्ष रोहित पुरी, नार्थ मंडल अध्यक्ष शमशेर ठाकुर, मंडल सचिव अंकुश महाजन, आशीष महाजन, राजू महाजन, जोगिंदर शील आदि उपस्थित थे।