पठानकोट जिले के थरियाल गांव में अज्ञात हमलावरों ने सोये हुए परिवार पर हमला कर दिया। घटना में एक व्यक्ति की मौत और परिवार के चार लोग घायल हो गए। गंभीर अवस्था में घायलों को सिविल अस्पताल पठानकोट में दाखिल करवाया गया है। प्रारंभिक जांच में यह घटना लूट की प्रतीत होती है।
घटना बुधवार रात को हुई। घटना के वक्त पूरा परिवार सोया हुआ था। इसी दौरान अज्ञात लोगों ने उन पर तेजधार हथियारों से हमला कर दिया। अचानक हमले से परिवार के सभी सदस्य अपना बचाव नहीं कर सके। वारदात के बाद हमलावर मौके से भाग गए। घायलों के कराहने की आवाजें सुनकर आसपास के लोग मौके पर पहुंचे।
घायलों को अस्पताल पहुंचाने के प्रयास किया तो परिवार मुखिया अशोक कुमार की मौत हो गई थी, जबकि उनकी पत्नी, बेटों और बहुओं को अस्पताल ले जाया गया। मृतक अशोक कुमार ठेकेदार था। हमले के बाद हमलावरो ने घर का सामान बिखेर दिया। इससे जाहिर हो रहा है कि घर में सामान भी चुराया गया है। वहीं, सुजानपुर थाना प्रभारी अवतार सिंह ने कहा है कि परिवार के सदस्य बयान देने का हालात में नहीं हैं। पुलिस ने मौके से साक्ष्य जुटाए हैं। अज्ञात हमलावरो की तलाश जारी है|